कोहड़ौर थाना के घनापुर गांव के पास गुरुवार रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। मौका पाकर बदमाश भाग निकले।
कोहड़ौर से कंधई जाने वाली सड़क पर मदुरारानी घनापुर गांव के पास सूनसान इलाका है।गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे वहां हब्बू गैंग के आधा दर्जन बदमाश बैठे थे। पुलिस का कहना है कि वह किसी वारदात को अंजाम देने की रणनीति बना रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एसओ कोहड़ौर दलबल के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।जवाब में पुलिस ने भी कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान बदमाश तमंचा, पिस्टल और कारतूस छोड़कर भाग निकले। कोहड़ौर एसओ ने बताया कि मुठभेड़ हुई है। दो बदमाशों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।