कांग्रेसी नेता के पेट्रोल पंप पर मंगलवार की सात बजे पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल भराने के बाद सेल्समैन को गोली मार दी। उसके हाथ से रुपये से भरा बैग छीनकर बदमाश भाग निकले।
कांग्रेसी नेता व व्यवसायी ओमप्रकाश पांडेय का उदयपुर थाना क्षेत्र के अठेहा में सत्या फीलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। मंगलवार की शाम करीब सात बजे दो पल्सर से चार युवक वहां पहुंचे। एक बाइक में युवकों ने पेट्रोल भराया। जबकि दूसरी बाइक सेल्समैन के बगल खड़ी कर दो युवक इधर उधर देख रहे थे। बाइक में पेट्रोल भरने के बाद जब सेल्समैन रुपये मांगने लगा तो दूसरी बाइक पर सवार युवक ने तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी और रुपये से भरा बैग छीन लिया। फायर की आवाज सुनने के बाद आसपास के लोगों के साथ दूसरे कर्मचारी भी दौड़े लेकिन तब तक बदमाश हवा में फायरिंग करते हुए अमेठी जनपद की ओर भाग निकले। गोली लगने से घायल सेल्समैन रामकिशोर वर्मा (45) पुत्र दीपचंद निवासी एभी थाना गौरीगंज जनपद अमेठी को लेकर लोग लालगंज अस्पताल भागे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया।