देसी शराब बनाने के सात ड्रम केमिकल के साथ दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार की देर रात चेकिंग के दौरान संग्रामगढ़ पुलिस ने जायलो को हाथ देकरकर रुकवा लिया। अंदर देखा गया तो सात ड्रम पड़े हुए थे। पूछताछ में गाड़ी में मौजूद दोनों युवक आनाकानी करने लगे। इस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेने के साथ गाड़ी को कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान एक रायफल और दो कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
संग्रामगढ़ एसओ बिहागड़ सिंह यादव, एसआई नागेंद्र प्रताप सिंह, सुरेश मिश्रा, सिपाही श्यामाशेर यादव, पंकज कुमार, गुलजार सिंह के साथ मंगलवार देर रात बाबागंज नरई मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान नेवादा नहर पुल पर बाबागंज की ओर से आ रही सफेद जायलो को रोका गया। पुलिस ने गाड़ी में मौजूद ड्रम के बारे में पूछा तो उसमें बैठे दो युवक आनाकानी करने लगे। इस पर दोनों को हिरासत में लेते हुए गाड़ी कब्जे में ले ली गई।
थाने पर गाड़ी लाकर ड्रम चेक किए गए तो उसमें करीब 500 लीटर देसी शराब बनाने का केमिकल मौजूद था। इसके साथ ही गाड़ी से एक रायफल और कारतूस भी बरामद किया गया। गाड़ी में मौजूद एक युवक ने अपना नाम बुद्धिलाल यादव पुत्र द्वारिका निवासी नबाबगंज थाना क्षेत्र के लवाना भवानीगंज और दूसरे ने चन्द्रशेखर केशरवानी पुत्र केदारनाथ बताया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि केमिकल से शराब बनाने का धंधा काफी दिनों से किया जा रहा था। दोनों के खिलाफ मुकदमा लिखकर उनका चालान कर दिया गया। एसओ बिहागड़ सिंह ने बताया कि इस शराब से 500 लीटर शराब बनाई जा सकती थी। दोनों की निशानदेही पर और भी केमिकल बरामद किया जा सकता है।