फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चेकिंग स्टाफ से भिड़े छात्र, बवाल

Tue, 15 Sep 2015 11:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रयाग से फैजाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन में चेकिंग स्टाफ और छात्रों के बीच मंगलवार को भिड़ंत होने के बाद जमकर बवाल हुआ। चलती ट्रेन से छात्र के गिर जाने से गुस्साए छात्रों ने ट्रेन को रोककर पथराव कर दिया। भगदड़ के बीच सामने आए आरपीएफ और रेलकर्मियों को छात्रों ने दौड़ा लिया। कर्मचारी जान बचाने के लिए शौचालय और यात्रियों के बीच में घुस गए। चर्चा है कि कुछ रेलकर्मी और पुलिसवाले पीटे भी गए। ट्रेन के प्रतापगढ़ पहुंचने के बाद भारी फोर्स देखकर उपद्रव करने वाले छात्र भाग निकले। पुलिस ने घायल छात्र को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। घटना के बाद स्टेशन पर तनाव को देखते हुए फोर्स बढ़ा दी गई। चेकिंग स्टाफ सदमे में है। वह पर्याप्त फोर्स के बिना चेकिंग करने को राजी नहीं है।
विज्ञापन


प्रयाग से फैजाबाद जाने वाली थ्री एफपी पैसेजर ट्रेन में चेकिंग टीम ने सीआईटी आफाक अशरफ जायसी के नेतृत्व में मंगलवार को मऊआइमा स्टेशन पर छापा मारा। आरपीएफ के साथ ट्रेन में घुसी चेकिंग टीम को देखते ही लोग भागना शुरू कर दिए। मुसाफिरों का कहना है कि टिकट न होने पर चेकिंग स्टाफ और छात्रों के बीच भिड़ंत हो गई। इससे खफा छात्रों ने बवाल शुरू कर दिया। इससे ट्रेन में भगदड़ मच गई। बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्री भागने लगे। भगदड़ के बीच गेट पर बैठा प्रतियोगी छात्र अजय गौतम धक्का लगने से नीचे गिर पड़ा। जिससे उसको काफी चोटें आईं। इससे गुस्साए छात्रों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन धीरगंज रेलवे स्टेशन पर रोक दी। घायल अजय को उठाकर ट्रेन पर लाया गया। इसके बाद भीड़ ने ट्रेन को चलने नहीं दिया। छात्रों ने पथराव करना शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। छात्र डिब्बे में घुसकर चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ वालों को ढूंढने लगे। सूचना मिलते ही ये लोग जान बचाने के लिए भागना शुरू कर दिए। वर्दी उतारी, बैग समेटा और यात्रियों के बीच जाकर बैठ गए। कुछ ने शौचालय में और गार्ड के डिब्बे में जाकर जान बचाई। करीब एक घंटे तक बवाल चलता रहा।

 यहां से किसी तरह से ट्रेन चली तो विश्वनाथगंज और बाद में भुपियामऊ हाल्ट पर भीड़ ने पथराव किया। पथराव से गार्ड और कई अन्य बोगियों के शीशे टूट गए। कंट्रोल ने इसकी सूचना प्रतापगढ़ आरपीएफ और जीआरपी को दी। ट्रेन प्रतापगढ़ पहुंची तो पुलिस वालों ने चारों ओर से घेर लिया। छात्र घायल अजय गौतम को उतारकर एंबुलेंस तक ले गए। उसके बाद आरपीएफ और जीआरपी ने उसे अस्पताल पहुुंचाया। छात्रों का आरोप था कि आरपीएफ वालों ने अजय को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। मगर पुलिस वालों ने इससे इनकार किया है। अस्पताल पहुंचे अजय के भाई पवन कुमार गौतम निवासी भीटीपूरे नैन बाघराय प्रतापगढ़ ने बताया कि अजय भीड़ के धक्के से ट्रेन से नीचे गिरा था। पुलिस या चेकिंग स्टाफ ने उसको नहीं धकेला था। घटना के बाद सहमे सीआईटी जायसी और उनकी टीम ने पुलिस सुरक्षा की मांग की। स्टेशन पर तनाव को देखते हुए पुलिस वाले इनको थाने पर ले गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें