मऊआइमा बाजार से लौट रहे बाइक सवार युवक को रंजिश में पड़ोसियों ने गोली मार दी। बेटे को बचाने के लिए मां जान पर खेल गई। तब जाकर हमलावर वहां से भागे। डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
मानधाता थाना क्षेत्र के छितपालगढ़ निवासी तबरेज (22) पुत्र सामुद अली मंगलवार को अपनी मां नूरजहां के साथ मंगलवार को मऊआइमा बाजार गया था।
वहां से सामान खरीदने के बाद वह मां के साथ घर लौटने लगा। घर से कुछ दूर पहले ही बाइक सवार चार लोगों ने उसके ऊपर हमला कर दिया। बेटे को बचाने के लिए मां नूरजहां सामने आ गई। इस बीच हमलावरों ने गोली मार दी, जो तबरेज के बाएं हाथ में लगी। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों को आते देख हमलावर वहां से भाग निकले। घायल तबरेज को लेकर परिजन नजदीकी अस्पताल गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और छानबीन करने लगी। डाक्टरों ने तबरेज की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसओ रत्नेश कुमार ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।