नगर कोतवाली के बलीपुर मोहल्ले में एक रिक्शा पर बैठी महिला का पर्स छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है। अमेठी जनपद के मुंशीगंज निवासी अंतिमा सिंह पत्नी अमित सिंह किसी काम से इलाहाबाद जाने के लिए ट्रेन से निकली थी। प्रतापगढ़ स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर बस अड्डेा पर जा रही थी। जैसे ही रिक्शा बलीपुर पेट्रोलपंप के पास पहुंचा कि एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश अंतिमा का पर्स छीनकर फरार हो गए।
उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक उचक्के आंखों से ओझल हो चुके थे। अंतिमा की मानें तो उनके पर्स में चार हजार रुपये, मोबाइल व जरूरी कागजात रखे थे। पीड़िता ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की। उधर, रानीगंज थाना क्षेत्र के शिवगढ़ निवासी विजय देवी अपनी बेटी को लेकर जिला अस्पताल में इलाज कराने आई थी। दंत विभाग में चिकित्सक को दिखा रही थी। इस बीच एक महिला ने उसके पर्स में रखे एक हजार रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी विजय देवी को हो गई। इस पर दोनों में विवाद हो गया। मौका पाकर आरोपी महिला भाग निकली।