कुंडा इलाके के गांधी नगर तिराहे पर शनिवार दोपहर इलाहाबाद से लखनऊ जा रही नीली बत्ती लगी इनोवा से टक्कर लगने के कारण एक किशोर जख्मी हो गया। घटना की जानकारी होने पर गाड़ी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। चर्चा रही कि गाड़ी कमिशनर इलाहाबाद की थी और वह भी उसमें बैठे हुए थे, लेकिन मंडलायुक्त राजन शुक्ला ने इससे इनकार किया है। उनका कहना है कि शनिवार को वह लखनऊ जरूर गए थे। लेकिन दोपहर के वक्त नहीं। वह सुबह साढ़े नौ बजे ही लखनऊ पहुंच गए थे, जहां उन्हें शासन की ग्यारह बजे से होने वाली बैठक में शामिल होना था। उनकी गाड़ी से कोई हादसा नहीं हुआ है।
शनिवार को इलाहाबाद से तेज रफ्तार से एक नीली बत्ती लगी इनोवा कार लखनऊ की तरफ जा रही थी। चालक जैसे ही कुंडा कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय कस्बा गांधी नगर तिराहे से आगे बढ़ा कि सड़क पार कर रहा दीपू (14) पुत्र गेंदलाल कार की चपेट में आ गया। इससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने कार का पीछा किया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर भागने मे ंसफल रहा। इस बीच कुछ लोग घटना की सूचना पुलिस को देते हुए घायल किशोर को स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद किशोर को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।