नगर कोतवाली के सुखपालनगर में गुरुवार को भरे बाजार बीच सड़क पर एसटीएफ और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब दस मिनट तक दोनों ओर से फायरिंग हुई। इससे लोगों में खलबली मच गई। सड़कों पर रहे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। काफी मशक्कत के बाद एसटीएफ ने चार बदमाशों को धर दबोचा। जबकि दो बदमाश तराई की ओर भागने में कामयाब हो गए।
सुखपालनगर तिराहे के करीब गुरुवार को बाइक सवार छह लुटेरे पहुंचे। वे किसी व्यापारी को लूटने जा रहे थे। सटीक मुखबिरी पर अचानक वहां एसटीएफ भी पहुंच गई। सूमो से आई एसटीएफ की टीम को देखते ही बाइक सवार बदमाश पैदल ही सिटी की ओर भागे। इस पर एसटीएफ के लोगों ने उनका पीछा कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कुछ दूर जाने के बाद अचानक बदमाशों ने एसटीएफ की टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। यह देख एसटीएफ के उपनिरीक्षक अतुल सिंह व अजय सिंह समेत अन्य सिपाही बदमाशों से मोर्चा लेते हुए जवाबी फायरिंग करने लगे।
सरे बाजार बीच सड़क पर फायरिंग करते हुए बदमाश सकरनी नदी की ओर भागने लगे। पुलिस टीम भी उनके पीछे लग गई। करीब दस मिनट तक दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग होती रही। टीम ने साहस का परिचय देते हुए चार बदमाशों को धर दबोचा। जबकि दो बदमाश नदी की तराई की ओर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने उनके पास से पिस्टल, कारतूस व खोखा बरामद किया। इस दौरान तमाशबीनों का मजमा लग गया। टीम सभी को अपने वाहन में बैठाकर पूछताछ करने लगी। सूचना मिलने पर सिटी चौकी की पुलिस के साथ ही शहर कोतवाल हरपाल सिंह यादव मौके पर पहुुंचे।
इसके बाद एसटीएफ व कोतवाली पुलिस तीन बाइक व लुटेरों को लेकर कोतवाली चली गई। एसटीएफ के उपनिरीक्षक अतुल सिंह ने बताया कि बदमाशों ने एक व्यापारी को लूटने का प्लान बनाया था। दुकान से निकलने के बाद ही पकड़े गए बदमाश व्यापारी का पीछा करने लगे। बाइक सवार बदमाशों को आगे पीछे होता देख व्यापारी रानीगंज अजगरा में अपने परिचित के यहां रुक गया। इसके चलते बदमाश सुखपालनगर की ओर चल पड़े। वे व्यापारी को लूटने की फिराक में थे। उनसे पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए बदमाशों में एक रानीगंज निवासी इरशादी, बोझवा निवासी दिलशाद व ढखवा निवासी सोहैल व शोएब शामिल हैं। भागने वाले जफरापुर निवासी शादाब व सिटी निवासी इरफान हैं। उनकी तलाश की जा रही है।