कुंडा में अवैध शराब की फैक्ट्री के साथ करोड़ों रुपये की देशी व अंग्रेजी शराब बरामदगी को शासन ने गंभीरता से लिया है। संभावना जताई जा रही है कि शासन एसटीएफ को मामले की जांच सौंप सकता है। कुंडा में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार काफी अर्से से संचालित हो रहा है। वर्ष 2014 में हुई कार्रवाई के दौरान नाला, तालाब, पंपिगसेट, खंडहर, पंचायत भवन, स्कूल से अवैध शराब बरामद हुई थी। रविवार की रात इलाहाबाद में क्राइम ब्रांच और शिवकुटी पुलिस ने दो वाहनों में अवैध शराब बरामद की। पकड़े गए लोगों को कर्रा किया तो उन लोगोें ने पुलिस को ठिकाना बता दिया। डीआईजी के आदेश के बाद जिले की पुलिस को अंतिम समय में साथ लेकर क्राइम ब्रांच ने रविवार रात ही आजाद नगर स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा।
वहां का नजारा देख हर कोई दंग रह गया। अवैध शराब बनाने के लिए बड़ी-बड़ी मशीनें लगी गई थीं। दो करोड़ से अधिक की देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी। इस बड़े खुलासे के बाद आला अधिकारियों के होश उड़ गए। कुंडा में अवैध रूप से चल रही शराब की फैक्ट्री के सनीसनीखेज खुलासे ने सभी को हैरत में डाल दिया। सूत्रों की मानें तो कुंडा में अवैध शराब की बरामदगी को शासन ने गंभीरता से लिया है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले की जांच जल्द ही एसटीएफ को मिल सकती है। बतादें कि कुछ दिनों पहले ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े धौरहट निवासी अनूप सिंह को एसटीएफ ने लखनऊ में धर दबोचा था।