गोवंश काटे जाने व तड़प रहे बछड़े की हालत देख राहाटीकर के लोग आग बबूला हो उठे। घटना की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद 27 मवेशियों को बरामद किया। घटना को लेकर इलाके में तनाव को देखते हुए एसपी बलिकरन सिंह यादव व एएसपी पश्चिमी दिनेश सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
उदयपुर कोतवाली के राहाटीकर स्थित बापू इंटर कालेज के पीछे बाग में ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह एक घायल बछड़े को कराहते देखा। बाग में ही दूसरे बछड़े की खाल पड़ी थी। वहीं एक तीसरा बछड़ा बंधा मिला। गांव के मनोज सिंह ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर आनन फानन में उदयपुर थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ बाग में पहुंचे। ग्रामीणों ने गोकशी के लिए पुलिस-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। ग्रामीणों का आक्रोश से हालात को काबू से बाहर देख उदयपुर थानाध्यक्ष ने लालगंज सीओ सीताराम को घटना से अवगत कराया। इसके बाद सीओ सांगीपुर एसओ व लालगंज कोतवाल के साथ मौके पर पहुंचे।
क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों को समुचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कुछ देर में एसडीएम वाईबी सिंह भी नायब तहसीलदार सदानंद के साथ मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद एएसपी ने पुलिस बल के साथ कुरेसी का पुरवा में दबिश दी। यहां से पुलिस ने 27 पशुओं को बरामद किया। पुलिस ने गांव के छह संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। इसके बाद जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। एएसपी दिनेश ने बताया कि अभी पूछताछ के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पकड़े गए मवेशियों को पूरे नेवली की गोसेवा समिति के अध्यक्ष लल्ला सिंह की सुपुदर्गी में दे दिया। वहीं घायल बछड़े को इलाज के लिए पशु अस्पताल भेजवाया गया। पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया।