देवसरा इलाके के नीमा गांव में खेत की सिंचाई के दौरान नाली से पानी ले जाने को लेकर जमकर लाठी और फावड़ा चला। जिससे दोनों पक्ष के दर्जन भर लोग घायल हो गए। हालत नाजुक होने पर दो महिलाओं को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नीमा गांव निवासी मंगरू अपने खेत की सिंचाई कर रहा था। जिस नाली से वह अपने खेत की सिंचाई कर रहा था, उस नाली को पड़ोसी हरिश्चंद्र काटने लगा। जिसको लेकर दोनों पक्ष में विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्ष के लोग जुटे तो लाठी और फावड़ा चलने लगा।
दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई। हो हल्ला पर जुटे गांव वालों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्ष को शांत कराया। मारपीट में मंगरू, वंशराज, पार्वती, प्रभावती, अवध राज, प्रमोद, अवनीश व भोला घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से हरिश्चंद्र, राम खेलावन, तेजई, विनोद, देवीदीन घायल हुए। दोनों पक्ष आसपुर देवसरा थाने पहुंचे और एक दूसरे के विरूद्ध मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मारपीट व तोड़फोड़ समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घायलों में प्रभावती व पार्वती को सिर में घातक चोट के चलते सीएचसी अमरगढ़ से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।