आगजनी की घटनाओं में बुधवार को दो घर जलकर राख हो गए। दोनों घरों की गृहस्थी पूरी तरह जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सभी के आशियाने जल चुके थे।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के गाबी महुआबन निवासी साबिर अली पुत्र मुंशीरजा के घर में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद घर के बाहर मौजूद परिवार के सदस्यों की नजर पड़ी। धुंआ उठता देख गांव के लोग दौड़े। हवा चलने के कारण आग ने पूरे मकान को अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए लेकिन आग नहीं बुझी। देखते ही देखते पूरा आशियाना जलकर राख हो गया। साबिर का परिवार आसमान के नीचे आ गया।
गांव के लोग उसकी मदद के लिए आगे आए। दूसरी ओर अंतू थाना क्षेत्र के नरिया निवासी राम अधीन कोरी के घर में बुधवार करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। शोर सुनकर गांव के लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक उसकी पूरी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। आग की विभीषिका में खाने पीने की सामग्री से लेकर गृहस्थी के सभी सामान जल गए थे। फायरब्रिगेड कर्मी भी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे।