चंदौली से लखनऊ जा रहे प्रदेश के पशुधन राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद की कार हाईवे पर सांड़ से टकरा गई। हादसे में मंत्री के हाथ में चोट आई और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसपी ने दूसरी कार उपलब्ध कराई, जिसके बाद मंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो सके।
प्रदेश के पशुधन राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद बुधवार की रात चंदौली से लखनऊ की ओर जा रहे थे। करीब पौने नौ बजे उनका काफिला नगर कोतवाली सीमा पार कर जेठवारा थाना क्षेत्र के बढ़नी के पास पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अचानक कार के सामने सांड़ आ गया। मंत्री की कार उससे टकरा गई। लग्जरी कार का एयरबैग खुल गया, इससे मंत्री बाल-बाल बच गए। केवल उनके हाथ में चोट आई।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। एस्कार्ट में साथ चल रहे एसओ जेठवारा घटना को छिपाने में जुट गए। कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मंत्री को दूसरी कार उपलब्ध कराई। इसके बाद मंत्री अपने काफिले के साथ लखनऊ रवाना हो सके। इस बाबत एसओ जेठवारा से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मंत्री की कार सांड़ से टकराने की कोई जानकारी नहीं है।