डीजे के शोरशराबे के बीच भाजपा नेता की स्कूटी लेकर चोर भाग निकला। कुछ देर बाद पता चला कि स्कूटी लेकर भाग रहा संदिग्ध युवक ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन मॉर्च्युरी पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शहर के तहसील वार्ड पुराना माल गोदाम रोड निवासी हरेंद्र सिंह भाजपा नेता हैं। मंगलवार की रात तिराहे पर किसी काम से गए थे। तभी झांकी निकल रही थी। शोर शराबे के चलते स्कूटी खड़ी कर भाजपा नेता झांकी निकलने का इंतजार करने लगे। पल भर में ही उनकी स्कूटी चोरों ने पार कर दी। स्कूटी गायब देख वह दंग रह गए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही थी। तभी पता चला कि मोहनगंज के करीब उनकी स्कूटी लेकर भाग रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार की सुबह उसकी शिनाख्त लालगंज कोतवाली के बांसूपुर के रहने वाले जय नारायण वर्मा (30) पुत्र कल्लू वर्मा के रूप में हुई। खबर मिलने पर परिजन भी पहुंच गए और उसकी पहचान करते हुए बताया कि वह बाइक मैकेनिक का काम करता है। उन लोगों को नहीं मालूम कि वह स्कूटी चुराकर ले जा रहा था या नहीं। नगर कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिलने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक ही स्कूटी लेकर भाग रहा था।