ट्रक चालक की मौत की खबर से कोहराम
मिर्जापुर में हुई घटना, परिजनों संग भागे परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़/जेठवारा। मिर्जापुर के चुनार में ट्रक चालक के मौत की खबर से उसके घर में कोहराम मच गया। हर कोई घटना की हकीकत जानना चाहता था। घटना की जानकारी मिलने पर रात में ही परिजन संग ग्रामीण घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे। खबर भेजे जाने तक लाश घर नहीं पहुंची थी।
मानधाता थाना क्षेत्र के पितईपुर निवासी मेराज (24) पुत्र सफदर एक माह पूर्व रामपुर बजहा के रहने मुनीर का ट्रक चलाने लगा था। मिर्जापुर से भैंस लादकर ट्रक उन्नाव के लिए लेकर शनिवार को मेराज निकला था। गांव में शनिवार देर रात खबर पहुंची कि चुनार में बोलेरो सवार लोगों ने ट्रक रोक लिया और चालक मेराज को पीटने लगे। खलासी ट्रक छोडक़र भाग निकला। बोलेरो सवार लोगों ने मेराज को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। पिटाई से घायल मेराज जान बचाने के लिए करीब नदी में कूद गया। नदी में कूदने से वह डूब गया। जब तक पुलिस उसे बाहर निकालने का प्रयास करती, तब तक देर हो चुकी थी। यह खबर पितईपुर पहुंची तो कोहराम मच गया। हर कोई घटना की हकीकत जानने को बेताब था। परिजन संग ग्रामीण घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। रविवार की शाम को शव का पोस्टमार्टम हो सका। घटना की खबर परिजनों को नही लगने दी गई थी। फिलहाल गांव के लोगों में खासा गुस्सा है। मानधाता एसओ का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
इनसेट-----
तीन बेटियों के सिर से छिन गया सहारा
मानधाता के पितईपुर निवासी मेराज पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी शादी परवीन बानो के साथ हुई है। शादी के बाद तीन बेटी रुखसार, सोमैया और सिमरन हैं। सिमरन की उम्र अभी तीन माह है। पिता की मौत से बेफिक्र बच्चे शाम तक हर दिन की तरह खेलते कूदते नजर आए। लोगों का कहना था कि अब बेटियों का सहारा कौन बनेगा। पिता गुजरात से घर के लिए रवाना हो गया।
इनसेट------
पड़ोसियों से हुई थी तकरार
मेराज की पड़ोसियों से जमीन को लेकर तीन माह पूर्व तकरार हुई थी। घटना की जानकारी के बाद लोग यह भी चर्चा करते नजर आए। जिस तरह मेराज को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इससे यह साफ है कि उसकी हत्या करने पर लोग अमादा थे।
तीन बच्चों को छोड़ प्रेमी संग फरार हुई विवाहिता
कटरामेदनीगंज। तीन बच्चों को घर में छोडक़र विवाहिता प्रेमी संग फरार हो गई। जिसकी तलाश परिजन कर रहे हैं। नगर कोतवाली के खजोहरी की रहने वाली एक महिला इलाके के इंटर कालेज में सफाई का काम करती थी। शुक्रवार की सुबह घर से विद्यालय के लिए निकली लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लगा। परिजन उसकी तलाश करते रहे। इस बाबत पति ने पुलिस चौकी में तहरीर दी है। विवाहिता की शादी 20 साल पहले हुई थी। उसके दो लडक़ा व एक लड़की भी है।
जुआरियों को पुलिस ने दबोचा
प्रतापगढ़। कटरामेदनीगंज में जुआ खेल रहे आधा दर्जन जुआरियों को सिटी चौकी की पुलिस दबोच ले गई। जिनके पास से रुपये व ताश के पत्ते बरामद हुए हैं। पुलिस ने छापा मार कर पांच लोगों को पकड़ा है। जिसमें एक सभासद के परिजन भी शामिल है। जिसे छुड़ाने के लिए कोतवाली पुलिस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि कटरामेदनीगंज में लगभग एक दर्जन जुआरियों का अड्डा है। जिसमें पुलिस का हिस्सा बना रहता है। ऐसे में पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नही करती।
आईपीएल के साथ शुरू हुआ सट्टेबाजी का दौर
शहर के पांच स्थानों पर खुलेआम लगाई जा रही बोली,
हर गेंद पर घटती-बढ़ती है रकम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। आईपीएल मैच के साथ ही जिले में सट्टेबाजी का दौर शुरू हो गया है। शहर के पांच स्थानों पर खुलेआम सट्टा लगाया जा रहा है। मैच की हर गेद पर सट्टे की रकम घटती-बढ़ती रहती है। पहले मैच में ही करीब सत्तर लाख का दांव लगा।
आईपीएल मैच का आगाज शनिवार को हुआ। चूंकि पहले मैच में बेहतरीन खिलाड़ी दोनों टीमों में शामिल थे। इसलिए एक दिन पहले से ही सट्टेबाज सक्रिय हो गए। क्रिकेटर विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के प्रदर्शन पर करीब 35 लाख की बोली लगी। सूत्रों की माने तो सट्टेबाज संचालक गुपचुप तरीके से सट्टा लगा रहे थे। शहर के स्टेशन रोड, कपूर चौराहा, चिलबिला, सुभाष चौक, मीराभवन में आईपीएल मैच पर दांव लगाया जाता रहा। सट्टेबाजी की भनक पुलिस को हुई थी, लेकिन कोई कार्रवाई करने में पुलिस असहज नजर आई। मैच के दौरान गेदबाजों की हर गेंदों पर रुपये की बोली लगाई जाती रही। बता दें कि पूर्व में आईपीएल में सट्टा लगाने के बाद कई लोग कंगाल होने के बाद घर छोडक़र चले गए थे। पूर्व में दो लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। सट्टे में लोग मोबाइल और महंगी घड़ी भी दांव पर लगा रहे हैं। इस बाबत नगर कोतवाल का कहना है कि आईपीएल मैच में सट्टेबाजी करने वालों को दबोचने के लिए पुलिसकर्मियों को लगाया गया है।