दुष्कर्म के आरोपी को सबक सिखाने के लिए ग्रामीणों ने घेरा थाना
आक्रोशित ग्रामीणों को झांसा देकर आरोपी को लेकर भागी पुलिस
पेशी के दौरान भी बरती सतर्कता, डीएनए टेस्ट के लिए लिया सैंपल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बालिका के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को सबक सिखाने के लिए आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को कंधई थाने को घेर लिया। हालांकि पुलिस भीड़ की मंशा समझते ही सभी को झांसा देकर आरोपी को थाने से लेकर निकल भागी। डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल देने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मासूम पीड़िता की हालत में सोमवार को सुधार दिखा।
कंधई थाना क्षेत्र में शनिवार की रात नौ वर्षीय बालिका को झांसा देकर पड़ोसी युवक राजेश वर्मा पुत्र रामकरन वर्मा ने दुष्कर्म किया था। बालिका की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कंधई पुलिस ने रविवार की रात ही आरोपी राजेश को दबोच लिया था। इस बात की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी को सबक सिखाने के लिए कंधई थाने पहुंच गए। लोग उसके बाहर निकलने का इंतजार करते रहे। कुछ लोग थाने के भीतर जाकर आरोपी को न्यायालय में पेशी पर ले जाने के समय की जानकारी लेते रहे। इस बात की भनक पुलिसकर्मियों को लग गई। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को थाना परिसर व आसपास से हटाने का प्रयास भी किया, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद फिर लोग आ जाते। माहौल बिगड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिसकर्मी ग्रामीणों को झांसा देते हुए आरोपी को लेकर वहां से निकल गए। जिला अस्पताल में डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया। कचहरी में बवाल की आशंका को देखते हुए विलंब से न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि आरोप संगीन है। इसलिए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
फोटो-
ट्रक की टक्कर से पीआरडी जवान की मौत
घर से साइकिल लेकर ड्यूटी पर जा रहा था पॉलीटेक्निक कालेज
बिहारगंज बाजार के करीब हुआ हादसा, ट्रक लेकर भाग निकला चालक
अमर उजाला ब्यूरो
संडवाचंद्रिका/जगेशरगंज। बेकाबू ट्रक की टक्कर से पीआरडी जवान की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंच गए।
अंतू थाना क्षेत्र के समोगरा धरौली निवासी लालता प्रसाद (46) पुत्र रामप्रसाद पीआरडी का जवान था। वर्तमान में लालता की ड्यूटी सोनावा स्थित पॉलीटेक्निक में लगी थी। शाम को वह साइकिल लेकर अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। बिहारगंज बाजार के करीब सामने से जा रहे ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान उसके सिर के ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया। जब तक आसपास के लोग पहुंचते तब तक ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना मिलने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में अंतू पुलिस भी आ गई। चिलबिला पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। कुछ देर तक नगर कोतवाली और अंतू पुलिस के बीच सीमा को लेकर बातचीत होती रही। बाद में चिलबिला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद
संडवाचंद्रिका। एक माह पहले गड़वारा बाजार के करीब दंपति की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी को कोर्ट के आदेश पर रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया। अंतू थाना क्षेत्र के कुआं गांव में जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों ने 14 सितंबर को दिनेश सिंह व उसकी पत्नी प्रीतम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना में नामजद आरोपी सुरेश सिंह निवासी शिवराजपुर ने गत दिनों कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अंतू पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर घर के पीछे से घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद हुआ।