जेठवारा। मामूली विवाद को लेकर दबंगों ने गौरा में अंधाधुंध फायरिंग की। जिससे गांव में सनसनी फैल गई और लोग खौफजदा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से खोखे मिले। पुलिस छानबीन के बाद आरोपियों की तलाश कर रही है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के गौरा निवासी अनुज उर्फ सोनू सिंह पुत्र त्रिभुवन सिंह सप्ताह भर पूर्व भयहरणनाथ धाम में लगे साप्ताहिक मेले में शामिल होने गया था। जहां उसका किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया। उस समय दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। सोमवार की देर शाम बाइक सवार आधा दर्जन दबंग अनुज के घर आ धमके। उन लोगों ने पहुंचते ही गाली गलौच शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने विरोध जताया तो वे फायरिंग करने लगे। करीब 12 राउंड फायरिंग करते हुए हमलावर अनुज की तलाश करने लगे। उनसे बचने के लिए अनुज अपने घर में घुसकर छिप गया। इस घटना से ग्रामीण खौफजदा हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर जेठवारा पुलिस घटनास्थल पर पहुुंची। मौके से खोखा बरामद किया। परिवार के लोगों से पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश में जुट गई। एसओ जेठवारा ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।