प्रतापगढ़। नगरपालिका अध्यक्ष और टाउन एरिया अध्यक्षों के चुनाव खर्च की सीमा बढ़ा दी गई है। नगरपालिका के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अब छह लाख तक और सभासदों को 1.50 लाख रुपये खर्च करने की सीमा निश्चित की गई है। जबकि टाउन एरिया अध्यक्ष पद के प्रत्याशी 1.50 लाख और सभासद बीस हजार रुपये तक खर्च कर सकेंगे। 22 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए 26 अतिसंवेदनशील और नौ अतिसंवेदनशील प्लस बूथ चिह्नित किए गए हैं।
जिले में 22 नवंबर को होने वाले नगरनिकाय चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की है। डीएम शंभु कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि सुबह 7.30 बजे से शाम पांच बजे तक होने वाले मतदान के लिए जिले के 171 बूथों पर व्यापक संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती करने का फैसला लिया है। शहर के जीआईसी से 21 नवंबर को सभी 171 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। मगर बैलेट बाक्स वहीं जमा होंगे , जहां मतगणना होगी। शहर के नगर क्षेत्र, कटरामेदनीगंज, सिटी,अंतू की मतगणना जीआईसी में होगी और अन्य टाउन एरिया की गणना सम्बंधित तहसीलों में होगी। अभी तक नगरपालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के खर्च की सीमा चार लाख निश्चित की गई थी, जिसे बढ़ाकर छह लाख कर दिया गया है। नगर के सभासदों को 40,000 रुपये खर्च की सीमा निश्चित की गई थी। जिसे बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये कर दिया गया है। टाउन एरिया अध्यक्षों के लिए पूर्व में खर्च की सीमा एक लाख रुपये निश्चित की गई थी, जिसे बढ़ाकर 1.50 लाख कर दिया गया है, जबकि टाउन एरिया सभासदों के लिए खर्च की सीमा पूर्व में निश्चित बीस हजार रुपये रखा गया है।
जिले में एक दिसंबर तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के कारण तहसील दिवस और थाना दिवस का आयोजन नहीं किया जाएगा। डीएम ने बताया कि आचार संहिता समाप्त होते ही नियत समय पर प्रारंभ किया जाएगा। वहींमतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण हादीहाल में दो चरणों में होगा। मतदान में महिला कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। नगर निकाय चुनाव में पहली बार अतिसंवेदनशील प्लस बूथों को चिंहित किया गया है। जिले में कुल 171 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, इनमें 48 संवेदनशील, 26 अतिसंवेदनशील और 09 अतिसंवेदनशील प्लस बूथ चिंहित किए गए हैं। इसमें कुंडा में 04, सदर में 03 और पट्टी और लालगंज में एक-एक बूथ चिंहित हैं। इन केंद्रों पर भारी संख्या में फोर्स तैनात रहेगी।