जिले में कोरोना से पीड़ित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को 11 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पीड़ितों में अधिकांश मुंबई से लौटने वाले हैं। पट्टी के रेड़ीगारापुर में एक ही परिवार के छह लोग कोरोना से संक्रमित मिले।
जबकि कुंडा में हॉटस्पॉट बनाए गए महाराजपुर के हरिशंकरपुर पुरवे में तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं। एक साथ 11 लोगों के संक्रमित होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा रहा। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 56 पहुंच गई है। दो लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, जबकि इलाज के बाद 12 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
जिले में बुधवार को फिर कोरोना बम फूटा। एक साथ 11 संक्रमितों के मिलने के बाद हड़कंप मच गया। हथिगवां थाना क्षेत्र की महराजपुर ग्राम पंचायत के हरिशंकरपुर पुरवे को मुंबई से आए युवक के संक्रमित मिलने के बाद हॉटस्पाट घोषित किया गया है। इस गांव में मुंबई से आए दो और पुणे से आया एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है।
तीनों का सैंपल 18 मई को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लिया था। उधर, बाघराय के शकरदहा की रहने वाली एक महिला की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंनिटाइजेशन के साथ ही लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। कोरोना पीड़ितों को एंबुलेंस से लालगंज ट्रामा सेंटर में तैयार कोविड लेवल वन अस्पताल भेजा गया।
उधर, पट्टी कोतवाली के रेड़ीगारापुर में मुंबई से 13 मई को एंबुलेंस से पहुंचे एक ही परिवार के चार सदस्य कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन लोगों के संपर्क में आने से परिवार के दो और लोग भी पीड़ित हो गए हैं। परिवार में मुंबई से आई महिला को बुखार होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 18 मई को सैंपल लिया था।
एक अन्य संक्रमित का ब्यौरा स्वास्थ्य विभाग तलाश रहा है। अब तक जिले में 56 संक्रमित मिल चुके हैं। जिसमें दो की मौत हो चुकी है और 12 संक्रमित ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमितों को लालगंज लेवल वन अस्पताल में भेजा जा रहा है। गांव में जांच के साथ ही सैनिटाइजेशन कराने के लिए टीम लगाई जा रही है।