Corona: 93 percent recovery rate reached
कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार धीमी होने के साथ ही जिले में इसकी चपेट में आए लोग तेजी के साथ स्वस्थ हो रहे हैं। जिले में रिकवरी रेट में 13 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। सितंबर में रिकवरी रेट 80 प्रतिशत था, वहीं अक्तूबर में यह रिकार्ड 93 प्रतिशत पहुंच चुका है। मरीजों की संख्या भी कम होने लगी है।
हालांकि इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम कैंप लगाकर बराबर संदिग्धों की जांच कर रही है।
मार्च से अब तक जिले में 4434 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 4131 मरीज रिकवर हो चुके हैं। हालांकि कोरोना वायरस का संक्रमण अभी थमा नहीं है। रोजाना नए मरीज सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार कैंप लगाकर जांच कर रही है। आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए सैंपल लेने के साथ ही एंटीजन
किट से भी जांच की जा रही है। इसके अलावा जिला अस्पताल में लगी ट्रृनाट मशीन से भी जांच हो रही है। अनलॉक-5 के बाद लोगों को छूट जरूर मिली है, मगर इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम व जिला प्रशासन सजग है। कोरोना से बचाव को लेकर बराबर निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
राहत भरी खबर यह है कि जिले में कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। वायरस का प्रभाव पहले के मुकाबले कम हुआ है। साथ ही रिकवरी रेट में भी इजाफा हुआ है। सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि अब जिले में रिकवरी रेट बढ़कर 93 प्रतिशत पहुंच गया है। हालांकि इसके बाद भी एहतियात जरूरी है।
लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही घर से मास्क लगाकर ही बाहर निकलना चाहिए।
50 से 70 की जगह अब मिल रहे सिर्फ 25 मरीज
जिले में अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक हर दिन कोरोना के 50 से 70 नए केस सामने आ रहे थे, मगर अब मरीजों की संख्या में कमी आई है। इन दिनों रोजाना 20 से 25 मरीज ही मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जांच पहले की तरह ही की जा रही है।
एक नजर आंकड़ों पर
कुल मरीज 4434
रिकवर संख्या 4131
मौतें 52
एक्टिव केस 249