बाबागंज जैन मंदिर में महावीर स्वामी का अभिषेक कर पूजन करते श्रद्धालु। संवाद
कटरामेदनीगंज के जैन मंदिर में 12 दिनों से चल रहे जैन धर्म के महापर्व पर्वराज पर्युषण का समापन शनिवार को धूमधाम से किया गया। संपूर्ण पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया।
शनिवार की भोर मंगल आरती, मंगल बधाई गान, समवशरण का दर्शन आदि धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसके बाद घट यात्रा जुलूस गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। जुलूस मुख्य मार्ग से होते हुए कटरा चौराहे पर पांडुकशिला तक गया, यहां से कलशों में लेकर जुलूस मंदिर आया। इसके बाद कलशों से लाए हुए जल से भगवान ऋषभदेव का 108 कलशों से महामस्तकाभिषेक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष ऋषभचंद्र जैन ने पर्व की निर्विघ्न सम्पन्नता पर समाज को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए पर्युषण की शिक्षाओं को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। जैन महासभा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ध्रुव कुमार जैन ने पर्युषण पर्व को एक ऐसा वरदान बताया जिसमें रमकर, मानव दस धर्मों के माध्यम से जीने की कला सीखता है। इस दौरान पवन जैन, मेवा लाल जैन, प्रदीप कुमार जैन, सुनील जैन सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।