नगर पंचायत कटरामेदनीगंज का कूड़ा घर। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
नगर पंचायत कटरामेदनीगंज व सिटी के कर्मचारी एक माह से लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग व सिटी कस्बे की सड़कों के किनारे कूड़ा डंप कर रहे हैं। लाखों रुपये का बजट खर्च कर नगर पंचायत ने महकनी के पास कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बनवाया है। बावजूद इसके सड़कों पर गंदगी फैलाई जा रही है। मामले की शिकायत दोनों ही नगर पंचायत कार्यालयों में की गई, लेकिन कूड़ा फेंकने वालों पर अंकुश नहीं लग रहा है।
करीब एक वर्ष पहले कटरामेदनीगंज व सिटी नगर पंचायत ने आपसी तालमेल से कटरा के इंद्रकुंवर महकनी के पास दो बीघा जमीन में कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बनाने का काम शुरू किया। कूड़ा डंपिंग प्वाइंट की बाउंड्रीवाल सहित अन्य कक्ष का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। दोनों ही नगर पंचायतों ने लगभग 33 लाख का बजट खर्च कर कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बनवाया, लेकिन सफाई कर्मचारी यहां कूड़ा नहीं डंप कर रहे हैं।
कटरामेदनीगंज के सफाईकर्मी माहभर से एटीएल मैदान व लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग के किनारे सुखपालनगर के पास रोजाना भारी मात्रा में कूड़ा डंप कर रहे हैं। इसी तरह सिटी नगर पंचायत के कर्मचारी विभिन्न मोहल्लों से रोजाना सफाई करने के बाद विभागीय वाहन की मदद से भारी मात्रा में कूड़ा महाविद्यालय रोड व मलियाना टोला मोहल्ले की सड़कों के किनारे डंप कर रहे हैं। सफाई कर्मचारियों की करतूत से स्थानीय लोग परेशान हैं। सड़क किनारे कूड़ा फेंकने की शिकायत सभासदों के साथ ही मोहल्ले के लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय के ईओ से की है।
कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बनकर तैयार हो गया है। यदि कोई कर्मचारी मनमानी कर गंदगी फैला रहा है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्रियंका तिवारी, ईओ, नगर पंचायत, सिटी
कूड़ा डंपिंग प्वाइंट पर अभी निर्माण चल रहा था। इस कारण गेट से वाहनों को प्रवेश नहीं मिल रहा था। कूड़ा सड़क पर फेंका जा रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। अंजू यादव, ईओ, नगर पंचायत, कटरामेदनीगंज