रोडवेज बसें अब बस अड्डे से तभी चलेंगी जब उसमें पर्याप्त सवारी होगी। अगर काफी इंतजार के बाद भी सवारियां नहीं मिलती हैं, तो बस निरस्त कर दी जाएगी। इनकम लो होने के चलते अधिकारियों ने यह निर्देश जारी किया है।
कड़ाके की ठंड और कोहरे से परिवहन निगम को काफी नुकसान हो रहा है। आमदनी में कमी हो रही है। निगम को घाटे से बचाने के लिए अधिकारियों ने सर्कुलर जारी कर खाली बसों को चलाने पर रोक लगा दिया है।
चालक और परिचालक के साथ परिवहन निगम के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए साफ कहा है कि अगर बसों को पर्याप्त सवारी नहीं मिलती है, तो सेवाएं निरस्त कर दी जाएं। विभागीय अधिकारियों के इस फैसले से लंबी दूरी की सेवाएं लगभग ठप हो गई हैं। दिल्ली और कानपुर के लिए चलनी वाली अधिकांश बसें सोमवार को नहीं चलीं। सुबह कड़ाके की ठंड और घना कोहरा होने से भोर में निकलने वाली बसें रोक दी गई। नुकसान से बचने के लिए विभाग की इस कवायद से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन इंचार्ज आरसी श्रीवास्तव ने बताया कि भोर में चलने वाली बसों में यात्री नहीं मिलने पर उन्हें निरस्त किया जा रहा है। बताया कि कड़ाके की ठंड होने से दिन में भी यात्रियों की संख्या घट गई है। जिससे इनकम प्रभावित हुई है।