नशे में धुत होकर की गई मारपीट में साले को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी जीजा समेत उसकी पत्नी तथा बेटी को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास हत्या के दौरान प्रयुक्त चाकू, सब्बल भी बरामद हुआ है। मृतक की पत्नी ने जीजा समेत तीनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया था। गिरफ्त में आए आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया।
उदयपुर थाना क्षेत्र के नरवल गांव में बृहस्पतिवार की रात नशे में धुत जीजा नकछेद तथा साले राजू में किसी बात का लेकर जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि जीजा नकछेद ने अपनी पत्नी बिल्लू तथा बेटी लोधे के साथ मिलकर साले को चाकू तथा सब्बल से मरणासन्न कर दिया। उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही साले राजू की मौत हो गई।
मामले में मृतक की पत्नी कुसुम की तहरीर पर जीजा समेत तीनों आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। उदयपुर थानाध्यक्ष निकेत भारद्वाज ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार की सुबह साले के हत्यारोपी जीजा नकछेद समेत तीनों आरोपियों को घर से धर दबोचा और उन्हें थाने ले आई।
उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा सब्बल बरामद हो गया। पूछताछ के बाद तीनों हत्यारोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। उदयपुर एसओ निकेत भारद्वाज ने बताया कि तीनों आरोपियों पर मृतक की पत्नी ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मुखबिर की सूचना पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।