लालगंज पुलिस द्वारा चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार आरोपी। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, सीएचसी में हुई चोरी का भी पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा। बुधवार को सीओ रामसूरत सोनकर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सप्ताह भर पहले सगरासुंदरपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में परीक्षा देने आए छात्र की बाइक चोरी के मामले में पुलिस छानबीन कर रही थी।
बुधवार की सुबह पुलिस को मुखबिर ने बताया कि चोरी गई बाइक के साथ तीन लोग कलाभदारी के पास खड़े हैं। इस पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने कलाभदारी के समीप ककरहिया मोड़ के पास बाइक के साथ संदिग्ध हालत में खड़े तीन लोगों को दबोच लिया। पुलिस बाइक समेत तीनों आरोपियों को कोतवाली ले आई।
यहां पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की बात स्वीकार कर ली। उनकी पहचान लालगंज के कला भदारी निवासी शुभम यादव उर्फ अभिषेक, उमापुर निवासी आशू यादव व सलेम भदारी अठैसा निवासी विकास यादव के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, शुभम उर्फ अभिषेक शातिर किस्म का है और हाल ही में वह हत्या के एक मामले में जमानत पर छूटकर बाहर आया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई एक अन्य बाइक व मोबाइल फोन बरामद किया। तीनों आरोपी गिरोह बनाकर बाइक चोरी कर करने के बाद बेचने का काम करते हैं। सीओ रामसूरत सोनकर ने नगर स्थित सीएचसी में बीते 25 जनवरी को हुई चोरी का भी खुलासा किया। आरोपी इटौरी निवासी सुरेंद्र यादव को पुलिस ने जेल भेज दिया। चोरी की वारदात में शामिल दूसरा आरोपी पूरे नोती निवासी सोनू यादव भाग निकला।