बेकाबू ट्रक की पट्टी- रानीगंज मार्ग पर शुक्रवार दोपहर पूरे बुधराम मैनहा के पास बेकाबू ट्रक ने दो बाइकों में टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार दानिश (12) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक बालक के पिता समेत चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए पुलिस ने अस्पताल भेजा। हदसे की सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद जौनपुर के बदलापुर लाल का पुरवा निवासी नौशाद (45) शुक्रवार को अपने बेटे दानिश को साथ लेकर पट्टी की ओर जा रहा था। पट्टी- रानीगंज मार्ग पर पूरे बुधराम मैनहा के पास उसके बगल से दूसरा बाइक सवार भी गुजर रहा था। तभी सामने से आए बेकाबू ट्रक ने नौशाद की बाइक के साथ बगल से गुजर रही दूूसरी बाइक को टक्कर मारते हुए आगे निकला। टक्कर लगने के बाद दोनों बाइक सवार नीचे गिर पड़े।
इस बीच दानिश ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नौशाद,खुशबू गौतम (25) , उसके देवर उमेश (22) व शिवम सेमरी खुर्द चांदा सुलतानपुर को सीएचसी भेजा।
जहां सभी की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताते हैं कि खुशबू अपने ननिहाल सिसौरा से घर लौट रही थी। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इस मामले में मृतक दानिश के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
तीन बेटों की मौत का मिला था दर्द, चौथे बेटे की मौत से जान देने पर उतरी मां
सड़क दुर्घटना में मृत दानिश अपने मां-बाप की इकलौती संतान थी। परिजनों ने बताया कि नौशाद के तीन बेटों की पहले ही अलग-अलग मौत हो चुकी है। काफी दिनों बाद दानिश का जन्म हुआ तो पूरे घर में खुशी फिर से लौट आई। मगर शुक्रवार को हुए हादसे में दानिश की भी मौत हो गई।
कलेजे के टुकड़े के मौत की खबर सुनते ही बदहवास हालत में कोतवाली पहुंची मां मोमिना बेटे के शव से लिपटकर रोती रही। वह अपनी जान देने पर उतारू हो गई। बड़ी मशक्कत के बाद लोग उसे संभालने में कामयाब हुए। मगर वह बार-बार बेटे के शव के करीब ही जाने की जिद करती रही। उसके रोने बिलखने की आवाज सुनकर पहुंचे लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके।