सोमवार रात निमंत्रण से लौट रहे युवकों की बाइक बाघराय थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव के पास नीलगाय से टकरा गई। हादसे में देवरीहरदोपट्टी गांव निवासी मिथुन गौतम (24) और सुजीत (28) की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा कर शवों को घरवालों के हवाले कर दिया।
बाघराय थाना क्षेत्र के देवरीहरदोपट्टी गांव निवासी मिथुन गौतम गांव के ही सुजीत (28) और आकाश गौतम (20) के साथ निमंत्रण में शामिल होने के लिए बाइक से जेठवारा गया था। सोमवार की रात लगभग 10 बजे तीनों घर लौट रहे थे। बाघराय इलाके के कोर्रही गांव के पास सड़क पर अचानक नीलगाय आ गई। इससे बाइक नीलगाय से टकरा गई। तेज टक्कर होने के बाद तीनों तीनों बाइक सहित दूर जा गिरे। हादसे के बाद आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों को सीएचसी बाघराय पहुंचाया।
यहां डॉक्टरों ने मिथुन गौतम व सुजीत सरोज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आकाश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। खबर पाकर परिवारीजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा कर शवों को परिजनों के हवाले कर दिया। मंगलवार को दोनों मृतकों के शवों का श्रृंगवेरपुर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
फाइल फोटो सुजीत सरोज।- फोटो : PRATAPGARH