जीआईसी में जनसभा समापन के बाद चौक से कचहरी रोड़ पर लगा रहा जाम। संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा समाप्त होते ही पार्किंग स्थल से रैली में आए वाहन गंतव्य के लिए रवाना होना शुरू हुए। इससे प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग के साथ शहर के अलग-अलग मार्गों पर लंबा जाम लग गया। जाम की वजह से भीषण गर्मी में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे बाद शहर को जाम से निजात मिली, लेकिन देर शाम तक चौक घंटाघर से चिलबिला मार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए।
प्रधानमंत्री की जीआईसी मैदान में जनसभा से जाम के हालात न बनें, इसके लिए पुलिस ने शहर के भंगवा चुंगी, रामलीला मैदान, आईटीआई मैदान, मीराभवन और आंबेडकर चौराहा के पास पार्किंग स्थल बनाए थे। सुबह दस बजे से रैली में आने वाले वाहनों से पार्किंग स्थल भरने लगे थे। मगर, शाम करीब 4:25 पर जनसभा समाप्त होने के बाद भीड़ जब निकली तो चौतरफा जाम लग गया।
रामलीला मैदान से निकलीं करीब 30 बसों की लंबी कतार से प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर भी लंबा जाम लग गया। वहीं, मीराभवन और आंबेडकर चौराहा से मोहनगंज मार्ग पर जाम लगा। भंगवा चुंगी से बसें रवाना होने पर भूपियामऊ मार्ग तक निकलना दूभर हो गया। आईटीआई मैदान के पार्किंग स्थल से कटरा मार्ग पर भी यही स्थिति रही।
रैली के बाद पार्किंग स्थल से निकलीं बसों की वजह से शहर में चारों तरफ करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। यातायात पुलिस जाम को खुलवाने के लिए प्रयासरत रही। मगर, चौक से चिलबिला मार्ग पर देर रात तक समस्या दूर नहीं हो पाई।
रैली में गईं बसें, ऑटो-मैजिक बने सहारा
अधिकांश सें प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा के कारण रूट पर नजर नहीं आईं। लोगों को मैजिक और ऑटो से ही यात्रा करनी पड़ी। ऑटो और मैजिक से ही लोगों को काम चलाना पड़ा। पीडब्ल्यूडी चौराहे पर कुंडा के लिए एक ही बस उपलब्ध रही। वहीं, भैरोपुर से पट्टी, ढ़कवा, अमरगढ़ के लिए जाने वाली बसें भी लोगों को नहीं मिलीं।