कंधई थाने के अमसौना में युवक के परिजनों को समझाते पट्टी सीओ दिलीप सिंह। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
कंधई थाना क्षेत्र के अमसौना गांव में मारपीट के दौरान घायल प्रतियोगी छात्र की मौत से आक्रोशित परिजन एसडीएम पट्टी के मांगों को पूरा करने के प्रयास के आश्वासन पर 26 घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए। पुलिस की कार्यप्रणाली से लोगों में भारी गुस्सा था। उधर, दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
कंधई थाना क्षेत्र के अमसौना गांव में दो पक्षों के बीच गत दिनों जमीन के विवाद को लेकर मारपीट हो गई थी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल अमित कुमार (25) ने उपचार के दौरान सोमवार की रात दम तोड़ दिया। मंगलवार की शाम शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई समेत अन्य मांगों को पूरा करने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़े थे।
बुधवार को भी घरवाले डीएम-एसपी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। दोपहर करीब एक बजे सीओ पट्टी दिलीप सिंह कंधई थानाध्यक्ष के साथ अमसौना पहुंचे। करीब दो घंटे तक क्षेत्राधिकारी पिता राकेश सरोज, मां विद्यादेवी और भाई मुकेश कुमार को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वे राजी नहीं हुए। शाम करीब पांच बजे एसडीएम पट्टी देशदीपक मौके पर पहुंचे।
परिजनों का मांग पत्र लेने के बाद भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को पूरा कराने का पूरा प्रयास करेंगे। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई होगी। तब जाकर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। परिजनों ने पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, चार बीघा जमीन और सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की है।
कंधई थाने के अमसौना में दुसरे दिन शव रखकर बैठे परिजन। संवाद- फोटो : PRATAPGARH