रानीगंज से भाजपा के पूर्व विधायक अभय कुमार धीरज ओझा के भाई नीरज ओझा पर दो दिन पहले साथियों संग जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से हिरासत में ले लिया। परिजनों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस पूछताछ करने की बात कहकर उसे लेकर थाने चली गई।
सोमवार की शाम रानीगंज इलाके के बभनमई गांव के पास स्कार्पियो से शहर आ रहे रानीगंज के पूर्व विधायक अभय कुमार ओझा के भाई नीरज ओझा व उनके समर्थकों के साथ मारपीट व जानलेवा हमले का प्रयास करने में पुलिस ने शुभम मिश्र निवासी रामगढ़ रानीगंज सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जबकि दूसरी तरफ शुभम ने भी पूर्व विधायक के भाई सहित अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट, मारपीट व डकैती का केस दर्ज कराया है।
घायल शुभम मिश्र का परिजन मेडिकल कॉलेज में उपचार करा रहे थे। बुधवार की शाम मेडिकल कॉलेज पहुंची रानीगंज पुलिस ने आरोपी शुभम की हालत के बारे में डॉक्टरों से बातचीत करने के बाद उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी रानीगंज पुलिस लॉकअप से भागने सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर चुकी है।