इलाहाबाद से कुंडा में अपने क्लीनिक जाते समय बुधवार सुबह बस की चपेट में आने से कार सवार वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.एसडी मिश्रा की मौत हो गई। कार ड्राइवर भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया। इस अनहोनी से म्योराबाद में उनके परिवार और रिश्तेदारों में मातम छा गया। शहर के तमाम चिकित्सक भी उनके घर तथा पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। शहर में म्योराबाद निवासी आर्थोपेडिक डॉ.एसडी मिश्रा (65) हाशिमपुर रोड सीएचसी कुंडा से रिटायर होने के बाद यहां हाशिमपुर रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल में प्रैक्टिस करते थे। इसके अलावा उन्होंने कुंडा में भी क्लीनिक खोल बुधवार को वहां मरीजों का चेकअप करते थे।
बुधवार सुबह वह शहर से अपनी वैगन आर कार में कुंडा के लिए रवाना हुए थे। कुंडा कोतवाली के माझिल गांव के पास सामने से आ रही बस ने उनकी कार में टक्कर मार दी। डॉ.मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुए। उनका कार ड्राइवर सोनू (25) भी जख्मी हुआ। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। डॉक्टर और ड्राइवर को कुंडा सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने डॉ.मिश्रा का प्राथमिक उपचार किया लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। ऐसे में सीएचसी से डॉक्टर और ड्राइवर को इलाहाबाद में एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। मगर इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की भी हालत नाजुक बनी है।
हादसे की खबर म्योराबाद में डॉ.मिश्रा के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पत्नी धर्मा मिश्रा रोने-कलपने लगीं। उनके तीन बेटे हैं जिनमें ब्रजेंद्र मिश्रा हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। दूसरे पुत्र धमेंद्र उत्तराखंड के रानीखेत की एक कंपनी में कार्यरत हैं। तीसरे पुत्र डीडी मिश्रा इलाहाबाद में ही रिलायंस कंपनी में हैं। उनके छोटे भाई ब्रह्मदेव मिश्रा इसी साल जुलाई में जिला जज पद से रिटायर हुए हैं। दूसरे भाई डॉ.केडी मिश्रा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य रह चुके हैं। तीसरे भाई आईएएस अफसर ज्ञानेंद्र मिश्रा भी इसी जुलाई में रिटायर हुए हैँ। दुखद घटना की जानकारी पाकर शहर के तमाम चिकित्सक पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। शाम को पोस्टमार्टम के बाद उनका शव पहले घर और वहां से अंतिम संस्कार की खातिर ले जाया गया।