जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले उन प्रत्याशियों के पर्चे खारिज होने की अफवाहें बुधवार को उड़ती रहीं, जिन्होंने बीडीसी सदस्य पद पर रहते हुए जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन किया है। पहले चरण के चुनाव में आठ ऐसे प्रत्याशी हैं जिन्होंने वर्तमान में बीडीसी सदस्य पद पर रहते हुए जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन किया है। इधर, पर्चा खारिज होने के भय से दिनभर प्रत्याशियों का जमावड़ा अफीम कोठी में रहा।
पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के पर्चों की जांच बुधवार को दिन भर चलती रही। पर्चा खारिज होने की अफवाह से प्रत्याशी दिन भर हलाकान रहे। छोटी मोटी कमियां रहने पर प्रत्याशियों को बुलाकर दूर की गईं। जिला पंचायत सदस्य के 17 पदों के लिए आवेदन करने वाले 336 प्रत्याशियों में आठ ऐसे हैं जिन्होंने वर्तमान में बीडीसी सदस्य रहते हुए जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन किया है।
इसमें बेलखरनाथधाम द्वितीय सीट से चुनाव लडने वाली हियातुल पत्नी महबूब ने बुधवार को अपना त्यागपत्र निर्वाचन अधिकारी दो सौंप दिया। यह बेलखरनाथधामद के बुढ़ौरा वार्ड से बीडीसी सदस्य थीं। चुनाव अधिकारी सीआरओ राम सिंह वर्मा ने बताया कि बीडीसी सदस्य रहते हुए जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले आठ प्रत्याशी हैं। इन लोगों से गुरुवार को त्यागपत्र देनेे को कहा गया है। अगर यह लोग त्याग पत्र नहीं देते हैं, तो ऐसे प्रत्याशियों का नामांकन रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच जारी रहेगी। तीन अक्तूबर को तीन बजे तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकते हैं और तीन बजे के बाद चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।