55 candidates were absent in the marks improvement exam
प्रतापगढ़। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की अंक सुधार परीक्षा शनिवार से 17 केंद्रों पर शुरू हुई। पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी में 21 तथा दूसरी पाली में इंटर हिंदी में 55 बच्चे अनुपस्थित रहे। परीक्षा के नोडल अफसर उपशिक्षा निदेशक प्रयागराज नीरज पांडेय ने कुंडा क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीआइओएस ने लालगंज क्षेत्र के स्कूलों में जाकर परीक्षा का जायजा लिया। पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी में 157 तथा इंटर में 340 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
शनिवार को सुबह आठ बजे हाईस्कूल की पहली पाली की परीक्षा शुरू हुई। शहर में जीआइसी में हाईस्कूल के पांच बच्चों की परीक्षा रही। सभी बच्चे उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य राजकुमार सिंह ने गहन तलाशी के बाद बच्चों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया। कुंडा क्षेत्र में पांच विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। बोर्ड परीक्षा में जिले के नोडल उपशिक्षा निदेशक सेवाएं प्रयागराज नीरज पांडेय ने इंटर कालेज बिहार, इंटर कालेज डीहा, इंटर कालेज कालाकांकर, इंटर कालेज संग्रामगढ़ व इंटर कालेज बाबागंज का निरीक्षण किया। पट्टी तहसील क्षेत्र में हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा में रामराज इंटर कॉलेज में पंजीकृत नौ परीक्षार्थियों में दो अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में इंटर की परीक्षा में पंजीकृत 38 परीक्षार्थियों में छह अनुपस्थित रहे। कालूराम इंटर कालेज शीतलागंज में सेक्टर मजिस्ट्रेट बीईओ भारती त्रिपाठी, पर्यवेक्षक अर्चना, सेंटर सुपरिटेंडेंट राजपति यादव, स्टेटिक मजिस्ट्रेट दिलीप जायसवाल और केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य उमेश त्रिपाठी रहे। जयनाथ मानव इंटर कॉलेज बैजलपुर में परीक्षा शांतिपूर्ण हुई। लालगंज में रामअंजोर मिश्र इंटर कॉलेज में कुल नामांकित 45 बच्चों में से 44 ने परीक्षा दी। एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। वहीं दूसरी पाली में इंटर हिंदी में नामांकित तीन बच्चों में से एक ने परीक्षा दी।