माकपोल की पर्चियां काले लिफाफे में नहीं होने पर होगी रीकाउंटिंग
ईवीएम नहीं चलने पर बदली जाएगी बैटरी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। मतदान के पहले माकपोल की पर्चियां प्लास्टिंग के डिब्बे में पैक कर काले लिफाफे में नहीं भरने वाले बूथों पर रीकाउंटिंग कराई जाएगी। पीठासीन अधिकारियों की लापरवाही से इन बूथों पर वीवीपैट की पर्ची से मतगणना होगी। अगर किसी दशा में ईवीएम नहीं चल रही है, तो नई बैटरी लगाकर मतों की गणना की जाएगी।
जिले में 23 मई को होने वाली मतगणना को लेकर जिला प्रशासन कवायद में लगा हुआ है। 2616 बूथों पर हुए मतदान की गणना सुबह आठ बजे से प्रारंभ होगी। ईवीएम सील करते समय अभिकर्ताओं को नोट कराए गए मतों और गणना के समय मतों में अगर कोई अंतर आता है, तो सबसे पहले माकपोल के पर्चियों की जांच होगी। दरअसल में मतदान होने से पहले पीठासीन अधिकारी को सात टेस्टिंग मत और 50-50 मतों का माकपोल कराने को कहा था। चुनाव अधिकारी ने सभी पीठासीन अधिकारियों को प्लास्टिक का डिब्बा और काला लिफाफा दिया था। इसे डिब्बे में पर्चियां पैक करके जमा करना था। मगर आलम यह है कि कई पीठासीन अधिकारियों ने जल्दबाजी में माकपोल तो कराया मगर सीआरसी किए बगैर ही वोटिंग प्रारंभ कर दी। इससे माकपोल का मत भी ईवीएम में जुड़ गया। अगर मतगणना के दौरान किसी बूथ पर इस तरह की गड़बड़ी आती है, तो पुन: मतगणना कराना होगा। मतगणना स्थल पर अगर कोई ईवीएम रिजल्ट नहीं बताता है, तो नई बैटरी लगाकर चलाया जाएगा और परिणाम जारी किया जाएगा। जानकारों का मानना है कि फिलहाल यह दिक्कत नहीं आएगी, मगर अगर ऐसा होता है, तो अभिकर्ताओं की सहमति के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा।
इनसेट-----------
वीवीपैट की पर्ची में अंकित होता है समय
वीवीपैट से निकलने वाली पर्ची में समय अंकित होता है। मतदान का समय सात बजे से प्रारंभ होता है। ऐेसे मे सात बजे के पहले हुए माकपोल की पर्चियों को अलग कर लिया जाएगा। उसके बाद गणना होगी। एक वीवीपैट के बाक्स में अधिकतम 57 पर्ची अधिक हो सकती है। दरअसल में 50-50 मतों का माकपोल और पीठासीन अधिकारियों को सात-सात मतों की टेस्टिंग करने को कहा गया था।
इनसेट------------
आज से मतगणना कार्मिकों को मिलेगा प्रशिक्षण
मतगणना में लगने वाले कर्मचारियों का प्रशिक्षण 18 मई से प्रारंभ हो रहा है। अफीम कोठी में होने वाले प्रशिक्षण में कर्मचारियों को बारीकियां बताई जाएंगी। 20 और 21 मई को मतगणना सहायकों के साथ ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। डीएम के निर्देशन में होने वाला यह प्रशिक्षण दो पालियों में होगा।
वर्जन--------
विषम परिस्थिति में ही पुन: मतगणना का फैसला लिया जाता है। अगर किसी बूथ पर पीठासीन ने यह गड़बड़ी की है और अभिकर्ता या प्रत्याशी संतुष्ट नहीं है, तो वीवीपैट की पर्ची से मतों की गणना की जाएगी। वीवीपैट के बाक्स में रखी पर्ची में समय भी अंकित होता है, इससे स्पष्ट हो जाएगा कि माकपोल की पर्चियां कौन हैं।
आरएन शर्मा, प्रभारी ईवीएम
00
जीत-हार के बाद सुरक्षा घेरे में होंगे प्रत्याशी
प्रमुख प्रत्याशियों के साथ लगाए जाएंगे एक-एक एसओ
घर तक सुरक्षित पहुंचाने की दी गई जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। मतगणना बाद जीतने व हारने वाला प्रत्याशी सुरक्षा घेरे में होगा। प्रशासन को आशंका है कि प्रत्याशी जीत-हार की खुशी व गम में माहौल को अशांत कर सकते हैं। उनके समर्थकों पर भी पुलिस व एलआईयू की नजर होगी। तनिक भी विपरीत हरकत समझ में आते ही समर्थक मुश्किल में फंस सकते हैं।
मतगणना तक शांति व्यवस्था बरकरार रखने के लिए अभी भी केंद्रीय बल मौजूद है। मतगणना स्थल महुली मंडी और आसपास शांति व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए केंद्रीय बल को भी लगाया गया है। सबसे अधिक दिक्कत हारने और जीतने वाले प्रत्याशियों के साथ हो सकती है। जीतने वाले के समर्थक अति उत्साह में मनमानी कर सकते हैं और हारने वाले को अपमानित भी कर सकते हैं। ऐसे में प्रशासन बेहद गंभीर है। लोकसभा चुनाव लडने वाले सभी प्रमुख प्रत्याशियों को उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने का खाका तैयार किया गया है। पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि मतगणना के बाद सभी प्रमुख प्रत्याशियों के साथ मंडी के भीतर से एक एसओ अपनी टीम सहित होगा। वह बाहर निकलने के साथ ही प्रत्याशी को उसके घर तक पहुंचाने के बाद ही लौटेगा। जीतने वाले प्रत्याशी के साथ तो और भी पुलिस बल लगाया जाएगा। साथ ही समर्थकों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
इनसेट ---
बीड़ी, सिगरेट भी नहीं ले जा सकेंगे एजेंट
मतगणना कार्य में लगे एजेंटों को बीड़ी, सिगरेट और माचिस ले जाने पर रोक है। एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्र ने बताया कि प्रत्याशी और एजेंट ज्वलनशील पदार्थ के साथ ही मोबाइल भी मंडी के भीतर नहीं ले जा सकेगा। परिणाम आने के बाद विजय जुलूस निकालने और आतिशबाजी करने पर भी रोक है।