'500 साल पहले जो बाबर ने किया... वही संभल व बांग्लादेश में हो रहा'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल यानी गुरुवार को अयोध्या में कहा कि 500 वर्ष पहले बाबर के सिपहसालार ने अयोध्या में जो कृत्य किया था वही आज संभल व बांग्लादेश में हो रहा है। तीनों की प्रकृति-डीएनए एक है। उन्होंने यह बात रामायण मेला समिति की ओर से आयोजित 43वें रामायण मेले का रामकथा पार्क में शुभारंभ करते हुए कही।
'चुनाव के बाद गुंडों की गर्मी धीरे-धीरे शांत हो जाएगी'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कहा था कि प्रदेश में कानून का राज कायम करने के बावजूद चुनाव आते ही कुछ गुंडों की गर्मी बढ़ने लगती है। चुनाव परिणाम आने के बाद इन गुंडों की गर्मी धीरे-धीरे कर शांत होती जाएगी।
'माफियाओं के खिलाफ हैं, उन्हें मिट्टी में मिला देंगे'
बीते साल फरवरी महीने में यूपी विधानमंडल सत्र के दौरान सदन में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह की हत्या का मामला उठाया था और कहा था कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में कहा था कि हम 'माफियाओं के खिलाफ हैं, उन्हें मिट्टी में मिला देंगे'।
'पहले एकजुट होते तो न होती गुलामी'
यूपी में विधानसभा की नौ सीटों पर उप चुनाव के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में कहा था कि 'पूरा समाज एक भाव और एक साथ लड़ाई लड़ता है, तब सफलता मिलती है। देखिए, एक भाव की सरकार केंद्र और राज्य में आई तो जो 500 साल में नहीं हुआ, वह 2 साल में हो गया। 500 साल पहले भी ऐसी ही एकता का परिचय दिया होता तो गुलामी का मुंह न देखना पड़ता'।