पूरनपुर। आतंकियों और पुलिस के हथियार जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जल्द ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। इसके लिए पुलिस विधि विज्ञान प्रयोगशाला के वैज्ञानिकों को पत्र भेजेगी।
पंजाब के गुरदासपुर के कलानौर थाने की बख्शीवाला पुलिस चौकी पर 18 दिसंबर को ग्रेनेड फेंकने वाले तीनों आतंकियों को 23 दिसंबर की सुबह पूरनपुर क्षेत्र में पीलीभीत और पंजाब पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। आतंकियों के पास से दो एके-47 और दो विदेशी ग्लॉक पिस्टल, कारतूस व अन्य सामान बरामद हुआ था।
पुलिस ने तीनों आतंकियों पर पुलिस टीम पर हमला करने और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। दर्ज रिपोर्ट की विवेचना बीसलपुर कोतवाल संजीव शुक्ला को दी गई है। विवेचक ने आतंकियों से बरामद हथियारों के अलावा मुठभेड़ में शामिल पुलिस और पंजाब पुलिस टीम के हथियार कब्जे में लिए थे।
घटना को लेकर मजिस्ट्रीयल जांच भी चल रही है। बीसलपुर कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि आतंकियों के पास से बरामद और पुलिस टीम के हथियारों को जांच के लिए विधि विज्ञापन प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिया गया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी घटना स्थल का निरीक्षण करने आएगी। इसके लिए वैज्ञानिकों को पत्र भेजा जाएगा।