मझोला क्षेत्र के गांव भिडारा में खेत पर बने तेंदुआ के पगचिन्ह।संवाद
- फोटो : खनन में पकड़ा गया ट्रैक्टर और हाइड्रा के साथ मौजूद थानाध्यक्ष गंगादास गौतम।
मझोला/पीलीभीत। मझोला क्षेत्र के भिंडारा गांव की सीमा में मंगलवार रात पहुंचा तेंदुआ घर के बाहर बैठे एक पालतू कुत्ते को उठा ले गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है। वहीं, इसकी सूचना वन विभाग को दी गई है।
मझोला क्षेत्र के भिंडारा के मजरा पकड़िया विजयपुर निवासी रामदुलारे ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे परिवार के लोग घर में थे। उनका पालतू कुत्ता घर के दरवाजे पर जाकर बैठ गया। इस दौरान खेतों की ओर से पहुंचे तेंदुए ने कुत्ते पर हमला कर दिया और मुंह में दबाकर पास में ही स्थित गन्ने के खेत में खींच लेकर मार दिया। कुत्ते के चीखने की आवाज पर परिवार के लोग बाहर निकले तो तेंदुए की मौजूदगी देखी। इससे हड़कंप मच गया।
परिजनों ने सूचना वन विभाग की टीम को दी। इसपर टीम मौके पर पहुंची और पगचिह्न ट्रेस कर निगरानी बढ़ा दी। क्षेत्रीय वन्यजीव प्रभारी सोनी सिंह ने बताया कि जानकारी के बाद मौका मुआयना कर स्थिति को परखा गया। तेंदुए की निगरानी बढ़ाने के साथ ही ग्रामीणों को भी सतर्क किया गया है।
000
टाह पौटा में बाघ की दहशत बरकरार, निगरानी में जुटी टीमें
पीलीभीत। शहर से सटे टाह पौटा गांव की सीमा में पहुंचे बाघ की दहशत दूसरे दिन बुधवार को भी बनी रही। बाघ के गन्ने के खेत में डेरा जमाए होने की संभावना जताई जा रही है। इससे किसान खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं। वन विभाग की टीमें बाघ की निगरानी में जुटी हुई हैं। एक दिन पूर्व मंगलवार को बाघ ने एक छुट्टा पशु को मार दिया था। डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने बताया कि बाघ की निगरानी के लिए टीमें जुटी हैं। ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है।