बीसलपुर। गांव रिछोला सबल के पास माइनर (छोटी नहर) के कट जाने से बृहस्पतिवार को नहर का पानी गांव के करीब आ गया है। सड़क पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित होने लगा है।
गांव रिछोला सबल के पास स्थित माइनर (छोटी नहर) का गांव की तरफ वाला किनारा काफी कमजोर है, जो अक्सर कटता रहता है। सूचना मिलने पर नहर विभाग के कर्मचारी कटी नहर को बांध तो देते हैं, लेकिन मजबूती से नहीं बांधते हैं, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाता है। बृहस्पतिवार को सुबह नहर का गांव की तरफ वाला किनारा अचानक कट गया और काफी पानी गांव की ओर आ गया। पानी से गांव के बाहर का रास्ता जलमग्न हो गया है।
जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ ग्रामीणों ने नहर विभाग के अधिकारियों को फोन पर नहर कटने की सूचना दे दी लेकिन नहर विभाग के कर्मचारी अभी तक मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे कटी हुई नहर से पानी लगातार निकल रहा है। नहर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में रोष है। इस बाबत नहर विभाग के सहायक अभियंता से जानकारी करने के लिए फोन से संपर्क साधा गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।