जनपद भ्रमण के दूसरे दिन सांसद वरुण गांधी ने मंगलवार को मरौरी ब्लॉक के ग्राम कल्यानपुर, टाह व अमरिया ब्लॉक क्षेत्र के रोहतनिया, रफियापुर, भिंडारा, हरदासपुर, भूड़ा कैमोर, देवरनिया तुर्कपुर बड़वार आदि गांवों में जनसंवाद किया। सांसद ने कहा- कई साल पहले जब वह पहली बार पीलीभीत से चुनाव लड़ने आए थे तो एक बुजुर्ग ने कहा था कि आप ऐसे पहले नेता हैं जो राजनीति में ईमानदारी की बात करते हैं।
बुजुर्ग ने कहा था कि जब वह छोटे थे तब महात्मा गांधी को देखा था कि वह बिना कपड़े देश की सेवा में लगे रहते थे। उस दौरान एक मां ने अपना मंगलसूत्र बापू के चरणों में देश के लिए दे दिया था। उन्होंने सच्चाई के दम पर देश को आजादी दिलाई है। आजादी तो मिल गई, लेकिन लोग अब भी गुलाम हैं। आज भी परिवार का कोई भी सदस्य पुलिस या किसी अधिकारी के पास अपने हक की बात करने जाता है तो उसको दबना पड़ता है। इज्जत का रास्ता बहुत कठिन है। गरीबों को ऋण मिलना बहुत कठिन है, बिना रिश्वत के कहीं कोई काम नहीं होता। मेरा देश ऐसा होना चाहिए, जिसमें सबको बराबर का हक मिले। सभी सुखी रहें।