पीलीभीत। सांसद वरुण गांधी ने कहा कि सैन्य अभ्यर्थियों के संघर्ष में वह हर कदम पर उनके साथ हैं मगर अभ्यर्थी धैर्य से काम लें और ‘लोकतांत्रिक मर्यादा’ बनाए रखते हुए अपने ज्ञापन विभिन्न माध्यमों से सरकार तक पहुंचाएं। ‘सुरक्षित भविष्य’ हर युवा का अधिकार है। न्याय होगा।
सेना भर्ती की अग्निपथ योजना का विरोध बढ़ रहा है। कई राज्यों में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। इसी बीच सांसद वरुण गांधी ने बुधवार को ट्वीट किया। साथ ही वीडियो अपलोड किया। उन्होंने कहा कि रक्षामंत्री को पत्र लिखा है। अग्निपथ योजना और उससे संबंधित आपकी चिंताएं वाजिब हैं पर हमें लोकतंत्र की मर्यादा का ख्याल रखते हुए अपनी बात को सरकार तक पहुंचना है। उन्होंने युवाओं से हाथ जोड़कर कहा कि अपने हक की लड़ाई जरूर लड़ें लेकिन शांति और सद्भाव के साथ। आपकी मांग को सरकार तक पहुंचाने के लिए वह सरकार तक साथ चलने के लिए तैयार हैं। बड़ी से बड़ी समस्याओं का हल संवाद से होता है। इसलिए अहिंसा की राह पर चलें। उन्होंने यह भी कहा कि अग्निपथ योजना लागू होने के 24 घंटे के भीतर सरकार ने उम्र सीमा को लेकर इसमें संशोधन किया। उम्मीद है कि आगे भी सरकार इसमें संशोधन करेगी।