मझोला में ठेले पर चाट बनवाकर खाते उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधान सभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार हैं। वह मंगलवार दोपहर समर्थकों के साथ यूपी के पीलीभीत जिले में स्थित मझोला नगर से होकर उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे गांव रधुलिया, बनगवा फार्म में चुनाव प्रचार के लिए गए हुए थे। लौटते समय मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ मझोला कस्बे में कुछ देर रुके और सड़क के किनारे लगे चाट की ठेले से चाट बनवाई। खुद भी स्वाद लिया। समर्थकों को भी चाट खिलाई।
मुख्यमंत्री को देखकर आस-पास के लोग एकत्र होने लगे। सेल्फी खिंचवाने वालों का तांता लग गया। भीड़ को एकत्र होता देख सुरक्षाकर्मियों ने घेरा बनाया पर मुख्यमंत्री ने लोगों को निराश नहीं किया। उनके साथ फोटो खिंचाए। चाट का स्वाद लेते वक्त तमाम लोगों ने सीएम के साथ सेल्फी की। इसके बाद मुख्यमंत्री खटीमा की ओर रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी खींचने वाले कई लोग उत्साहित नजर आए। इन लोगों का कहना है कि जीवन में पहली बार मुख्यमंत्री के साथ यादगार सेल्फी लेने का मौका मिला है। इसलिए वे बहुत खुश हैं।