मातम में बदल गया घर का उत्सव
पुत्र जन्म की खुशी में सज-धजकर तैयार घर पलक झपकते ही मातम के साये में डूब गया। बीसलपुर बरेली मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की जिंदगी में ऐसा गम ला दिया, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं। पुत्र जन्म के बाद शिवम के घर में खुशियों का माहौल था। अस्पताल से छुट्टी के वक्त परिजनों ने मिठाइयां बांटीं, स्टाफ को पुरस्कार के रूप में रुपये भी दिए गए।
घर में नामकरण संस्कार की तिथि तय हो चुकी थी, सजावट और स्वागत की तैयारियां पूरी थीं, लेकिन मंगलवार दोपहर को घर लौटते समय अचानक उनकी कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवजात और शिवम की मां की अस्पताल ले जाने के कुछ देर बाद ही मौत हो गई। परिजन बदहवास हालत में हैं और मोहल्ले के लोग इस घटना को सुनकर स्तब्ध हैं।