पीलीभीत। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक युवक घायल हो गया। मझोला-सितारगंज मार्ग पर बाइक सवार की मिट्टी भरे डंपर की चपेट में आने से जान चली गई। वहीं अमरिया क्षेत्र में बाइक पेड़ से टकरा जाने से युवक की मौत हो गई।
अमरिया थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब सात बजे हादसा हुआ। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी आकाश (23) पुत्र हरिओम बुधवार को अपनी पत्नी और एक साल की बच्ची को लेकर निसाय गांव में स्थित ससुराल गए थे। बच्चों को छोड़ने के बाद वह देर शाम एक रिश्तेदार के साथ किसी काम से अमरिया की ओर जा रहे थे। निसाय गांव के निकट बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे आकाश की मौके पर मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे रिश्तेदार को भी चोटें आई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजा। शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। अमरिया थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है।
मिट्टी भरे डंपर की चपेट में आए शिवपद
मझोला। मझोला-सितारगंज मार्ग पर मिट्टी भरे डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे हुआ। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया।
निर्माणाधीन मझोला-बिरहनी मार्ग के किनारे पर मिट्टी और रेत से पटान किया जा रहा है। उत्तराखंड क्षेत्र से मिट्टी मझोला क्षेत्र में लाई जा रही है। बृहस्पतिवार सुबह मिट्टी भरकर ला रहा एक डंपर निर्माणाधीन मझोला-सितारगंज पर गुलड़िया भट्ठा के समीप अचानक से सड़क की विपरीत दिशा में पहुंच गया। डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार भरतपुर न्यूरिया निवासी शिवपद (45) पुत्र लोकनाथ की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक भाग गया। सूचना पर मझोला चौकी पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी रूपा विष्ट ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।