बीसलपुर। बिलसंडा रोड पर कटना पुल के पास शनिवार की रात लगभग 12 बजे कार की टक्कर से बाइक सवार बीसलपुर के बीए प्रथम वर्ष के छात्र शनि और प्रांजल की मौत हो गई। तीसरा छात्र करन गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों बीसलपुर में प्रांजल के घर पर उसके जन्मदिन की पार्टी के बाद गांव बिहारीपुर हीरा के लिए निकले थे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मझगंवा निवासी कृषक यशपाल ने बताया कि उनका 23 वर्षीय पुत्र शनि शनिवार की शाम दियोरिया कोतवाली के गांव बिहारीपुर हीरा के स्थायी एवं नगर के मोहल्ला रामनगर के हाल निवासी अपने मित्र 24 वर्षीय प्रांजल के जन्म दिन समारोह में भाग लेने गया था। प्रांजल के साथ मझगवां का ही छात्र 22 वर्षीय करन पुत्र सूर्यप्रताप भी था। लगभग 12 बजे तक प्रांजल के घर समारोह चलता रहा। प्रांजल को रात में ही अपने पैतृक गांव बिहारीपुर हीरा जाना था। उसके पास बाइक नहीं थी, तभी शनि उसे अपनी बाइक से उसके गांव पहुंचाने जा रहा था। लगभग 12.15 बजे उनकी बाइक बिलसंडा रोड पर कटना पुल के पास सामने से तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर लगने से गिर गई। बाइक पर सवार तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक शनि चला रहा था। टक्कर होने के बाद चालक कार लेकर बीसलपुर की ओर भाग गया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने शनि को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रांजल और करन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत ज्यादा नाजुक होने पर प्रांजल को रविवार को सुबह इलाज के लिए बरेली ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में कस्बा ललौरी खेड़ा के पास उसने दम तोड़ दिया, तभी परिजन उसे वापस ले आए। पुलिस ने दोनों शव सीलकर पोस्टमार्टम को भेज दिए। प्रांजल के पिता ओमपाल पंचायत विभाग में रोजगार सेवक हैं। करन के पिता सूर्यप्रताप कृषक हैं। शनि, प्रांजल और करन बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। नगर के निजी डिग्री कॉलेज में पढ़ते हैं।
सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
शनि का फाइल फोटो।- फोटो : PILIBHIT