बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के गांव पैनिया हिम्मत के एक युवक ने बृहस्पतिवार शाम घरेलू कलह से परेशान होकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव पैनिया हिम्मत निवासी नत्थूलाल मौर्य ने बताया कि उनका 28 वर्षीय पुत्र चेतराम मौर्य अक्सर परिवार वालों से पैसे मांगता रहता था। कई बार पैसे न मिलने से चेतराम परेशान रहता था। चेतराम ने बृहस्पतिवार को भी अपने परिजन से पैसे मांगे। टरकाने पर चेतराम काफी परेशान हो गया। चेतराम ने शाम गांव के बाहर खेत में खड़े बबूल के पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। चेतराम जब काफी देर तक घर नहीं आया, तभी घरवालों ने उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद परिवार वालों ने गांव के बाहर पेड़ पर चेतराम का शव लटका हुआ देखा। सूचना पर दियोरिया के थाना प्रभारी अचल कुमार ने बताया कि नत्थूलाल की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव उतारकर सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।