संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। सीएचसी में चिकित्सकों, स्टाफ के समय से नहीं पहुंचने और समय से पहले खिसक जाने, मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखने, गंदगी आदि समस्याओं के विरोध में प्रांतीय व्यापारी नेता ने अपने समर्थकों के साथ धरना देकर प्रदर्शन किया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला को सौंपा।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के संयुक्त महासचिव विजय पाल विक्की ने बुधवार को समर्थकों के साथ सीएचसी में अव्यवस्थाओं के विरोध में धरना दिया। व्यापारी नेता का आरोप है कि चिकित्सक समय पर सीएचसी नहीं आते और समय से पहले खिसक जाते हैं। मरीजों को अधिकतर दवाइयां बाहर की लिखी जाती हैं। भीषण गंदगी रहती है।
धरना प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को उनके कार्यालय में पहुंचकर दिया। ज्ञापन में सीएचसी में चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की तैनाती कराने, बाहर से लिखी जाने वाली दवाइयों पर रोक लगवाने, साफ-सफाई कराने की मांग की गई।