पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सुंदरता के सैलानी कायल हो रहे हैं। रविवार को जंगल सफारी के दौरान बाघ को देखकर एक पल के लिए सैलानी ठिठक गए। उन्होंने इस रोमांचित कर देने वाले दृश्य को कैमरे में कैद किया। इन दिनों जंगल सफारी करने पहुंच रहे सैलानियों को अक्सर बाघ के दीदार हो जा रहे हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में हर कोई प्राकृतिक नजारे के साथ ही बाघ के दीदार करने की इच्छा लेकर आता है। कभी-कभी सैलानियों को बाघ के दीदार भी हो जाते हैं। बहुत से ऐसे भी सैलानी हैं जो बाघ के दीदार की आस में तीन-तीन दिन तक रुके, लेकिन दीदार नहीं हो सके। इन दिनों अच्छी बात यह है कि जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ के भी खूब दीदार हो रहे हैं। रविवार दोपहर जंगल सफारी के दौरान बाघ की चहलकदमी देख सैलानियों की नजर एक पल के लिए ठिठक गई। उन्होंने इस रोमांचित कर देने वाले नजारे को कैमरे में झट से कैद किया।
विज्ञापन
प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर चूका बीच पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन स्थल है। जंगल के भीतर और शारदा डैम के किनारे बनी खूबसूरत हट बनाए जाने के बाद चूका बीच सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। डैम के किनारे बनी हट से दशकों पुराने वृक्ष और नदियों के फैले जाल से यह नजारा अद्भुत दिखता है। वन विभाग की ओर से सैलानियों के लिए जंगल सफारी व्यवस्था की गई है, जो पीलीभीत मुख्यालय के अलावा मुस्ताबाद गेस्ट हाउस से उपलब्ध है। यहां से पर्यटक वन विभाग द्वारा उपलब्ध वाहनों पर बैठकर चूका बीच और जंगल का दीदार करते हैं। बाघ समेत वन्यजीव भी देखने को मिलते हैं। पूरा सफर रोमांचित कर देने वाला होता है।
जंगल सफारी के दौरान बाघ को करीब देख ठिठके सैलानी
रविवार को संभल निवासी सैमुअल सिंह परिवार के साथ चूका बीच और जंगल की खूबसूरती को निहारने पहुंचे, अचानक सैलानियों को बाघ के दीदार हो गए। बाघ को देख चालक ने सफारी वाहन को नियमानुसार दूर रोक लिया। इस रोमांचित कर देने वाले खूबसूरत नजारे को सैलानियों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। उन्होंने सफारी मार्ग पर चहलकदमी करते हुए बाघ का वीडियो बनाकर सफर को यादगार बनाया। सैलानी सैमुअल सिंह का कहना है कि वह पूर्व में कई बार टाइगर रिजर्व के भ्रमण पर आ चुके हैं। यहां की खूबसूरती उन्हें बहुत पसंद है।