कलीनगर। पीटीआर में पर्यटन स्थल के द्वार बंद होने के बाद बाइफरकेशन में सैलानियों की रौनक बढ़ गई है। रविवार को सैलानियों की संख्या में काफी इजाफा देखने को मिला। निशुल्क स्थल होने के चलते सैलानी परिवार संग घूमने पहुंचे। नहरों के जाल और खूबसूरत गेस्ट हाउस को निहारने के बाद शाम को जंगल से बाहर निकले भालू के भी सैलानियों को दीदार हो गए।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र 15 जून को समाप्त हो गया। इसके साथ ही जंगल में आम सैलानियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। अब जिले का निशुल्क पर्यटन स्थल बाइफरकेशन की ओर सैलानियों का रुख अधिक हो गया। दो दिन पहले से मौसम में बदलाव के चलते जनपद के अलावा दूरदराज से भी सैलानी बाइफरकेशन की खूबसूरती को निहारने पहुंचने लगे। रविवार को रौनक अधिक रही। पूरा दिन सैलानियों की आमद होने से बाइफकेशन में खूब भीड़ देखने को मिली। वाहनों की भी लंबी कतार लगी रही। सैलानी गेेस्ट हाउस की ओर घूमते दिखे। पुल क्षेत्र में सैल्फी लेने के साथ सैलानियों ने जंगल के किनारे के इलाके में शांत वातावरण में समय बिताया। खास बात यह है कि शाम होते ही महोफ रेंज के मुस्तफाबाद जंगल की ओर से भालू बाहर निकलकर आ गया। बैरियर के किनारे आकर दो मिनट तक खड़ा रहा। सैलानी भी दूरी बनाकर भालू के दीदार करने लगे। कुछ देर बाद भालू फिर जंगल की ओर निकल गया।