माधोटांडा। होली के हुड़दंग में विशेष समुदाय के व्यक्ति के घर के दरवाजे पर लांतेें मारकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। तीन युवकों को चिह्नित कर हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया है।
मामला माधोटांडा क्षेत्र के धरमंगदपुर गांव में बुधवार दोपहर का है। गांव मिश्रित आबादी वाला है। पूर्व में हुई घटनाओं के कारण गांव को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। बुधवार को होली के दौरान हुरियारों की टोली विशेष समुदाय के लोगों के घरों के निकट पहुंची। इस दौरान कुछ युवक डीजे की धुन पर थिरकते हुए अचानक सामने स्थित घर के मुख्य दरवाजे पर लात मारने लगे। एक के बाद एक करीब तीन युवक लातें मारते रहे। इस दौरान हुरियारों में से ही कुछ लोगों ने लात मार रहे युवकों को बमुश्किल रोका और वहां से हटाकर ले गए। इसके बाद भीड़ मौके से हट गई। घर के दरवाजे पर लगे सीसी कैमरों में घटना कैद हुई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो थाना पुलिस ने गंभीर हुई। पुलिस ने युवकों को ट्रेस कर हिरासत में लिया। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है। गांव में शांतिव्यवस्था बनी हुई है। क्षेत्रीय टीम को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। संवाद