बिलसंडा। गांव पसगवां में बृजेश राजपूत की हत्या करने के तीन आरोपियों का पुलिस ने मंगलवार को चालान कर दिया है। इन्हें अदालत ने जेल भेजने का आदेश दिया। वहीं बृजेश राजपूत की पत्नी ने गांव के एक और व्यक्ति पर मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के गांव पसगवां में मामूली विवाद के चलते 19 दिसंबर को बृजेश राजपूत की जमकर पिटाई की गई थी। परिवार वालों ने उसको सीएचसी में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान 20 दिसंबर को बृजेश की मौत हो गई। पुलिस ने उसके छोटे भाई छोटेलाल की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी गोकिल, वीपी सिंह और महिप सिंह का चालान कर दिया। जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया। इधर बृजेश की पत्नी शांतिदेवी ने गांव के ही एक और व्यक्ति पर मारपीट का आरोप लगाया है। पत्नी कहा कि गांव के ही एक व्यक्ति ने तीनों के साथ मिलकर उनके पति को पीट पीटकर उनकी हत्या कर दी। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि बताए गए नाम को लेकर जांच की जा रही है। अगर संलिप्ता मिलती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।